बिधूना। तहसील में बैनामे को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट के मामले में उप निबंधक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने 15 नामित समेत 30 पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में पुलिस 14 के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर चुकी है। इसमें 11 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
उप निबंधक कपूर चंद्र नायक ने कोतवाली पुलिस को बताया कि साढ़े 11 बजे तहसील में आरोपी बैनामा कराने आए थे। दोनों पक्षों में हुई मारपीट के कारण कार्यालय का कार्य बाधित हुआ था। पुलिस ने उप निबंधक की तहरीर पर सहायल के गांव पुरवा भगत निवासी अनारकली, मेहरबान सिंह, आलेखा, रमेश सिंह, अवनीश यादव, शिवप्रताप सिंह, रोहित कुमार, मोहित कुमार पर रिपोर्ट दर्ज की थी।
इनके अलावा रामप्रकाश, कोतवाली क्षेत्र के गांव सुंदरपुर निवासी राजेश्वरी देवी, एरवाकटरा के गांव रतनपुर निवासी शिवम यादव के खिलाफ रिपोर्ट हुई थी। इनके साथ ही शिवा यादव, राजवीर, बिधूना के बहादुरपुर निवासी विक्की, गांव गुलालपुर निवासी कृपाल सिंह सहित 15 अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इसमें 11 को एसडीएम कोर्ट से जेल भेज दिया गया था। शेष आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।