औरैया। पिछले दिनों तोड़ी गईं पांच प्लॉटिंग के तरह अब आठ और प्लॉटिंग बहुत जल्द तोड़ी जाएंगी। इसके लिए तहसील प्रशासन की ओर से शनिवार को आठ प्लॉटिंग पर ध्वस्तीकरण चेतावनी का अंतिम नोटिस चस्पा किया गया। क्षेत्रीय लेखपालों ने मौके पर पहुंचकर नोटिस लगाए।
विनियमित क्षेत्र में 20 के करीब अवैध प्लॉटिंग चिह्नित हैं। जिला पंचायत को जोड़कर जिलेभर में ऐसे 40 केस हैं। इन अवैध प्लॉटिंग को विकसित कर रहे लोगों को तीन-तीन बार नोटिस थमाए जा चुके हैं। इन प्लॉटिंग का नक्शा से लेकर लेआउट तक पास नहीं है। इस सरकारी मानक को पूरा करने के लिए तहसील प्रशासन लगातार नोटिस जारी कर रहा है। बावजूद इसके कारोबारियों की ओर से सरकारी मानकों को पूरा करने से किनारा किया जा रहा है।
सरकारी राजस्व की सेंधमारी कर रहे आठ प्लॉटिंग कारोबारी शनिवार को तहसील प्रशासन की रडार पर चढ़े। इनकी प्लॉटिंग पर लेखपालों ने पहुंचकर नोटिस चस्पा कराए। क्षेत्रीय लेखपाल चित्रेश प्रताप ने हाईवे पर जैतापुर, जालौन सड़क, आनेपुर व फफूंद सड़क किनारे प्लॉटिंग पर नोटिस लगाए। साथ ही आवागमन कर रहे लोगों को यहां पर प्लॉट खरीदने पर सामने आने वाली मुश्किलों के बारे में अवगत कराया।
इस कवायद के दौरान प्लॉटिंग स्थलों से कारोबारी नदारद रहे। खास बात यह रही कि जहां पर प्लॉट बिकाऊ के लिए इश्तिहार समेत कारोबारियों के नंबर छपे थे, वहीं पर नोटिस लगाए गए। अब तहसील प्रशासन के अंतिम चेतावनी नोटिस के बाद अब ध्वस्तीकरण की तैयारी शुरू कर दी गई है।
-
किसान के घर पहुंचकर दिए जा रहे नोटिस
प्लॉटिंग कारोबारी किसान से अनुबंध पर जमीन लेकर उस पर प्लॉट विकसित कर रहे हैं। तामील हो रहे नोटिस में चौंकाने वाली बात सामने आ रही है। पर्दे के पीछे रहकर प्लॉटिंग का कारोबार कर रहे हैं और जमीन किसानों की है। ऐसे में तहसील के कर्मी किसान को नोटिस थमा रहे हैं। यही नहीं प्लॉटिंग की दीवारों पर अंकित कारोबारियों के नंबरों पर भी नोटिस व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे हैं। इसके बाद भी जरूरी सरकारी मानकों को पूरा नहीं किया जा रहा है।
-
आठ अवैध प्लॉटिंग पर ध्वस्तीकरण को लेकर अंतिम चेतावनी नोटिस चस्पा करा दिए गए हैं। अब इन प्लॉटिंग को ध्वस्त कराया जाएगा।-अजय आनंद वर्मा, एसडीएम सदर