बिधूना। कस्बे के मोहल्ला नवीन बस्ती स्थित बीआरसी वाली गली में मंगलवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने जांच के बाद तीन महिला समेत पांच के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। मामला युवक व युवती के सहमति संबंध में रहने का है।
नवीन बस्ती निवासी एक महिला के घर में एक युवक और युवती रुके थे। इसकी जानकारी युवक के परिजन को हो गई। इसके बाद उसकी मां व भाई-बहन वहां पहुंच गए। आरोप है कि दोनों में सहमति संबंध हैं। परिजन ने बेटे के युवती के साथ रहने पर आपत्ति जताते हुए विरोध किया। वहीं, बेटा युवती के साथ रहने की बात पर अड़ गया। देखते ही देखते वहां भीड़ लग गई।
इस मामले में कुछ देर बाद दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक के बाद मारपीट हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के बाद पुलिस तीन महिलाओं समेत पांच को कोतवाली ले गई। सभी का शांतिभंग में चालान कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि शांतिभंग के आरोप में तीन महिला समेत पांच के खिलाफ कार्रवाई की गई है।