खेत में रोपी गई शिमला मिर्च की पौध। संवादखेत में रोपी गई शिमला मिर्च की पौध। संवाद
बिधूना। बारिश का दौर थमने और मौसम साफ होते ही क्षेत्र के किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। धूप निकलने का लाभ उठाते हुए सराय प्रथम, रामपुर बामपुर और आसपास के गांवों में किसान पूरे परिवार के साथ शिमला मिर्च की रोपाई में जुट गए हैं, जिससे खेतों में चहल-पहल बढ़ गई है।
किसानों के अनुसार लगातार बारिश से खेतों में पानी भरने के कारण रोपाई प्रभावित होने की आशंका थी। अब मौसम खुलने से खेत तैयार कर कतारों में पौधे लगाना आसान हो गया है। रामपुर बामपुरा के किसान मोनू शाक्य ने बताया कि मौसम साफ होने से रोपाई के लिए उपयुक्त समय मिल गया है। धूप निकलने से पौधों का जमना और उनकी वृद्धि बेहतर होगी। किसानों का मानना है कि समय पर रोपाई पूरी होने से फसल को विकसित होने का पर्याप्त अवसर मिलेगा।
यदि आगे बारिश भी होती है, तो तब तक मजबूत हो चुके पौधों को नुकसान की संभावना काफी कम रहेगी। किसान जरूरत के अनुसार सिंचाई कर खेतों को तैयार कर रहे हैं। इस बार अनुकूल मौसम के चलते शिमला मिर्च की बेहतर पैदावार और अच्छी आमदनी की उम्मीद जताई जा रही है।