दिबियापुर (औरैया)। रक्षाबंधन में बहनों द्वारा भाइयों को भेजी गई राखी पहुंचाने में रविवार का अड़ंगा नहीं आएगा। रविवार को साप्ताहिक बंदी के बावजूद राखी की डाक भाइयों तक पहुंचाई जाएंगीं। डाक निदेशालय के आदेश पर रविवार को यह कार्य किया जाएगा।
दिबियापुर उप डाकघर के पोस्टमास्टर अखिलेश अवस्थी के अनुसार शनिवार को बकरीद का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण पोस्ट आफिस बंद रहे। इससे शनिवार को राखियों का वितरण नहीं हुआ। डाक निदेशालय के आदेशानुसार रविवार को राखी का वितरण किया जाएगा।
अन्य प्रकार की डाक का वितरण नहीं किया जाएगा। दिबियापुर में सभी चारों पोस्टमैन बुलाए गए हैं। लॉकडाउन के कारण अधिकतर बहनें मायके और भाइयों के पास नहीं पहुंच पाईं हैं। अधिकतर बहनों ने भाइयों को डाक से ही राखियां भेजी हैं।