ड्रग इंस्पेक्टर ने कसबा खानपुर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर वहां से दवाइयों के सैंपल भरे। यह कार्रवाई उक्त मेडिकल स्टोर पर नकली व प्रतिबंधित दवाइयां बेचे जाने की सूचना पर की गई।
खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा बुधवार को शहर में ताबड़तोड़ छापामार कार्रवाई की गई। हालांकि इस छापामारी में टीम को एक-दो सफलताओं के अलावा कुछ भी हाथ नहीं लगा। ड्रग इंस्पेक्टर सुनील रावत ने सूचना के आधार पर कसबा खानपुर स्थित बुधवार शाम लगभग 5:30 बजे यमुना रोड खानपुर स्थित राम किशोर दीक्षित के आरडी मेडिकल पर छापा मारा।
इस दौरान टीम की जांच पड़ताल में मेडिकल स्टोर में किसी भी प्रकार की कोई भी प्रतिबंधित दवाइयां नहीं पाई गई। ड्रग इंस्पेक्टर रावत ने संदेह की स्थिति में उक्त मेडिकल स्टोर से दवाइयों टीजेड, ओफ्लाक्सासिन, डाइक्लोफेनिक, ऑलबिंडाजोल आदि की टेबलेट के सैंपल भरकर सील किए गए।
डीआई रावत ने बताया कि आरडी मेडिकल स्टोर से लिए गए सैंपलों को प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।