फोटो-16- सड़क पर बैठा बंदरों का झुंड। संवाद
औरैया। इन दिनों शहर में आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक चरम पर है। स्थिति यह है कि सुबह की सैर हो या गलियों से गुजरना, नागरिकों का सुरक्षित निकलना मुश्किल हो गया है। आए दिन ये आक्रामक जानवर राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों को अपना निशाना बना रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में अस्पताल पहुंचने वाले कुत्ते व बंदरों के काटने के घायलों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि अस्पताल आने वाले घायलों को तुरंत और नियमित रूप से रेबीज के टीके लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में एंटी-रेबीज इंजेक्शन और दवाइयां उपलब्ध हैं, जिससे किसी भी मरीज को इलाज के लिए भटकना न पड़े।
छह महीनों में कुल 1,689 लोग आवारा कुत्तों और बंदरों के काटने से घायल होकर अस्पताल पहुंचे हैं। जून के महीने में यह आंकड़ा अपने चरम पर (370) पहुंच गया था। विशेषज्ञों का मानना है कि आवारा कुत्तों की नसबंदी और बंदरों के आतंक से निपटने के लिए नगर निगम को जल्द ही अभियान चलाना होगा।
छह माह के आंकड़ों पर एक नजर
अप्रैल: 186 मामले
मई: 322 मामले
जून: 370 मामले
जुलाई: 304 मामले
अगस्त: 233 मामले
सितंबर: 274 मामले
फोटो-16- सड़क पर बैठा बंदरों का झुंड। संवाद