फोटो-12 एयूआरपी 13 रात में विद्युत लाइन सही करते कर्मी।
फफूंद। चपट फीडर में फॉल्ट से कस्बे समेत 250 गांवों को बिजली आपूर्ति करने वाले केशमपुर सब स्टेशन की विद्युत आपूर्ति गुल हो जाती है। यहां की लाइन में चार दिन से लगातार फाॅल्ट हो रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में दुश्वारी हो रही है। उपभोक्ताओं ने चपटा की विद्युत लाइन अलग करने की मांग की है।
असेनी स्थित 132 केवीए स्टेशन से केशमपुर के 33 केवीए सब स्टेशन को विद्युत आपूर्ति की जाती है। केशमपुर से ही फफूंद कस्बे व ढाई सौ से अधिक गांव की आपूर्ति जुड़ी हुई है। लगभग पांच साल पहले विद्युत अधिकारियों ने चपटा सब स्टेशन की लाइन केशमपुर सब स्टेशन से जोड़ दी थी। इससे आए दिन 33 केवीए लाइन के तार टूटना व डिस्क इंसुलेटर खराब हो जाता है। इस कारण फफूंद कस्बे व गांवों की आपूर्ति ठप होती है।
असेनी से केशमपुर के बीच जंफर जलने से आपूर्ति ठप हो गई। उपभोक्ता पूर्व सभासद सुरेश अवस्थी, हरीशचंद्र गुप्ता, सुखवीर व रामकुमार आदि ने बताया कि केशमपुर सब स्टेशन की लाइन पर चपटा सब स्टेशन का लोड होने से रोजाना आपूर्ति ठप हो रही है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष गोविंद मिश्रा का कहना है कि पांच साल से एक ही लाइन पर दो सब स्टेशन चल रहे हैं। कई साल बीतने के बाद भी अधिकारी चपटा की लाइन अलग नहीं कर रहे हैं।
अवर अभियंता व लाइनमैनों की मशक्कत से जंफर बदलने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। उधर, केशमपुर के अवर अभियंता तौफीक आलम ने बताया कि चपटा स्टेशन की 33 केवीए विद्युत लाइन भी केशमपुर से जुड़ी है। चपटा की लाइन में फाॅल्ट होने से केशमपुर की लाइन के फ्यूज जलने से आपूर्ति बंद हो जाती है। इसमें सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।