फोटो-28- परमहंस पांडेय की फाइल फोटो।
- फोटो : 1
औरैया। सड़क हादसे में कस्बा निवासी पिता-पुत्र की मौत के बाद परिजन मथुरा रवाना हो गए हैं।
हादसा मथुरा से निकले यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार की भोर में करीब 3:30 बजे बलदेव थाना क्षेत्र के बरौली गांव के पास हुआ। परिजन के अनुसार उनकी कार पीछे से रोडवेज बस में भिड़ गई थी।
कस्बा निवासी परमहंस पांडेय व उनका बेटा पुष्पेंद्र व्यापार के सिलसिले में दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान मथुरा से निकले यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। बिलखते परिजन और रिश्तेदार मथुरा के लिए रवाना हो गए हैं। कस्बाइयों के अनुसार मूल रूप से गाजीपुर क्षेत्र के रहने वाले परमहंस पांडेय करीब 35 सालों से दिबियापुर में रह रहे थे। शुरुआत में वह सेंट्रल बैंक वाली गली में किराए पर रहते थे लेकिन बाद में उन्होंने विकास कुंज में अपना मकान बना लिया था।
उन्होंने गेल पाता प्लांट में लंबे समय तक ठेकेदारी की थी। वर्तमान में वह वडोदरा में अपने बड़े बेटे के साथ ठेकेदारी कर रहे थे। इसी सिलसिले में दिल्ली जा रहे थे। इस हादसे के बाद अब परिवार में उनका छोटा बेटा और पत्नी हैं।
चालक को झपकी आना मानी जा रही वजह
बलदेव (मथुरा)। पुलिस के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, उसमें सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। बचाव दल ने दोनों को कार से बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दोनों व्यवसायी हैं। थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार व चालक को झपकी आना प्रतीत हो रहा है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। (संवाद)
फोटो-28- परमहंस पांडेय की फाइल फोटो।- फोटो : 1