अयाना। सेगनपुर गांव में बाजरे के खेत की रखवाली करने गए एक किसान के बेटे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह खेत पहुंचे पिता को बेटा मेड़ के नीचे अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे अजीतमल स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर मृत घोषित कर दिया।
सेगनपुर निवासी राजू दुबे का पुत्र लालू उर्फ विकास रोज की तरह बृहस्पतिवार रात बाजरे की फसल की रखवाली करने गए थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो चिंतित पिता उसे देखने खेत पर पहुंचे। वहां विकास खेत में बेसुध पड़ा हुआ था। परिजन के अनुसार, खेत में आवारा पशुओं से फसल की सुरक्षा के लिए झटका मशीन का तार लगाया गया था, जिससे हादसे की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मृतक विकास अपने पिता का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। इकलौते बेटे की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश पाल ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।