ऐरवाकटरा। गैर जनपद से आए किसानों को खाद नहीं दी जाएगी। यह निर्देश जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने खाद विक्रेताओं को दिए हैं। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष ने इसकी सराहना की है।
जिले में किसानों को खाद की उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से इटावा, कन्नौज तथा कानपुर देहात से लगने वाली सीमाओं के कंचौसी, बेला, याकूबपुर, ऐरवाकटरा, उमरैन, वैवाह, घसारा, अनंतराम, देईपुर, बरौनाकला,लहरापुर, अयाना आदि कस्बों और गांवों के दुकानदारों को गैर जनपद के किसानों को उर्वरक बिक्री पर रोक लगाए जाने के निर्देश दिया गया है। भारतीय किसान यूनियन भानु के जिलाध्यक्ष अनिल चौहान, जिला महामंत्री जितेंद्र परिहार, दीपक सिंह, पंकज चौहान, रवि सिंह आदि ने प्रशासन के इस निर्देश का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि इससे औरैया जिले में उर्वरक की उपलब्धता बढ़ेगी और किसानों को आगामी रबी की आलू, लहसुन, गेहूं, सरसों आदि की बुआई के समय पर्याप्त यूरिया, डीएपी, एनपीके, एमओपी, एसएसपी आदि मिल सकेगी। गैर जनपद के किसानों को उर्वरक न दिए जाने से दुकानदारों द्वारा की जा रही खाद की कालाबाजारी और ओवर रेटिंग पर भी काफी हद तक रोक लग सकेगी। (संवाद)
-