डीएम की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर कृषि वैज्ञानिकों ने किसानाें को उन्नतिशील खेती के गुर बताए। 13 किसानों ने अपनी शिकायतें लिखित रुप से प्रस्तुत की। इनमें से पांच शिकायतों का डीएम ने त्वरित निस्तारण करा दिया। जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण को संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए।
किसान दिवस के मौके पर आयोजित गोष्ठी में डीएम माला श्रीवास्तव ने जिले के उन्नतिशील किसानों से औरैया महोत्सव मेें भाग लेने को आमंत्रित किया। इस मौके पर डीएम ने किसानों को जनपद में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने की अपील की। इस दौरान ग्राम सेंगनपुर निवासी किसान विजय सिंह राजपूत ने अपने खेत में उगाई गई गाजर डीएम को भेंट की।
वहीं कृषक वैज्ञानिक डा.अनंत कुमार ने किसानों के जैविक खेती के बारे में विस्तार से तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के बदलते दौर में उन्नतिशील खेती के लिए नई तकनीकीं का उपयोग करने की जरुरत है। वहीं जिला कृषि अधिकारी प्रमोद कुमार ने किसानों को उपलब्ध उर्वरक, बीज व रसायन की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही किसानों को पंजीकरण व फसली बीमा कराए जाने के लिए प्रोत्साहित किया।
अग्रणी जिला प्रबंधक दूधनाथ ने किसानों को फसली बीमा से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। जबकि सीएमओ डा.एसबी मिश्रा ने 27 जनवरी से 3 फरवरी तक गर्भवती महिलाओं के लिए चलाए जा रहे कैंप के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही कृषकों को गर्भवती महिलाओं को कैंप तक लाने के लिए प्रोत्साहित किया। गोष्ठी में सीडीओ सत्येंद्र नाथ चौधरी ने किसानों की प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए। कार्यक्रम में भारी संख्या में अधिकारी व किसान मौजूद रहे।