औरैया। खेत पर काम करते समय में अचानक एक किसान पर बारिश के दौरान बिजली गिर गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास काम कर रहे लोगों ने परिजन को सूचना दी।
सदर कोतवाली के गांव बाकरपुर निवासी मुलायम सिंह (52) सोमवार दोपहर खेत पर खड़ी बाजरा की फसल देखने गए थे। करीब चार बजे बारिश होने लगी। किसान बारिश के बीच काम करने के कारण पूरी तरह भीग गया था। इसी बीच अचानक किसान पर बिजली गिर गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी पर किसान के दोनों बेटे व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। किसान का शव देख परिजन में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना में परिजन व ग्रामीणों से पूछताछ की। घटनास्थल का भी जायजा लिया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में बिजली गिरने से मौत की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। राजस्व टीम को घटना की जानकारी दे दी गई है।