फफूंद। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर शनिवार को आशा पुरवा गांव के पास रेलवे लाइन पार करते समय एक किसान ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। किसान खेतों पर खड़ी गेहूं की फसल काटने जा रहा था।
थाना क्षेत्र के गांव आशा का पुरवा निवासी वीरेंद्र सिंह (50) किसान थे। शनिवार सुबह वह घर से खेतों पर खड़ी गेहूं की फसल काटने के लिए निकले थे। उनके खेत गांव के बाहर रेलवे लाइन के दूसरी पार है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वीरेंद्र दिल्ली-हावड़ा डाउन लाइन पर खंभा नंबर 580/21 व 20 के बीच से ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्टेशन मास्टर की सूचना पर पाता चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के बाद शव को ट्रैक से हटा दिया। किसान अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। घर के मुखिया की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।