औरैया। सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने किसान से सोलर पैनल लगवाने के नाम पर 16 हजार रुपये ठग लिए। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फफूंद थाना क्षेत्र के गांव देवरपुर निवासी गणेश बाबू किसान हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 फरवरी की शाम जब वह घरेलू सामान लेने बाजार जा रहे थे, तभी रास्ते में दो संदिग्ध व्यक्ति मिले। उन्होंने गणेश को सरकारी योजना के तहत सोलर प्लेट लगवाने का लालच दिया। किसान के अनुसार ठगों ने उन्हें औरैया फॉर्म भरवाने के लिए बुलाया।
ऑनलाइन फॉर्म भरवाया और 5 हजार रुपये नकद लिए। इसके बाद ठगों ने पीड़ित को ककोर स्थित विकास भवन ककोर बुलाया और वहां दोबारा 5 हजार रुपये ले किए। ठगों ने तीसरे बार छह हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा। नेटवर्क की समस्या के कारण जब रुपये नहीं पहुंचे तो पीड़ित को दोबारा विकास भवन बुलाकर रसीद देने के नाम पर बाकी की रकम भी ले ली गई।
कई दिनों तक जब कोई सोलर प्लेट लगाने नहीं पहुंचा और दिए गए मोबाइल नंबर बंद आने लगे, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। गणेश बाबू ने बताया कि कुछ दिन बाद वे दोनों आरोपी उन्हें फिर से विकास भवन के पास दिखाई दिए, लेकिन पीड़ित को देखते ही वे अपनी बाइक से भाग गए। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संदिग्ध मोबाइल नंबरों और विकास भवन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। (संवाद)