औरैया। यूएम पावर प्रोजेक्ट के तहत अधिगृहीत की गई जमीन का मुआवजा न मिलने से किसान परेशान हैं। उन्होंने बुधवार को डीएम को पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है। कोर्ट का निर्णय आने तक कार्रवाई रोकने को कहा है।
क्षेत्र के गांव सेहुद, हरतौली के किसान सुघर सिंह, कमलेश कुमार, चंद्र प्रकाश, सतीश चंद्र, रामजी लाल, दर्शन लाल, हरीबाबू, राकेश भारतीय समेत कई किसान बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। किसानों ने जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा को तीन सूत्री मांग पत्र दिया। कहा कि यूएम पावर प्रोजेक्ट के लिए अधिगृहीत की गई जमीन को 2016 में किन्हीं कारण से निरस्त कर दिया गया था। अब दोबारा बाउंड्रीवाल बनाई जा रही है, जिसे रोका जाए। अधिगृहीत जमीन का मुआवजा नहीं मिला है। बताया कि इस संबंध में उच्च न्यायालय इलाहाबाद में मामला विचाराधीन है। कोर्ट के निर्णय आने तक कार्रवाई न करें। किसानों ने कहा कि यदि जिला प्रशासन ने किसानों की समस्याओं के निराकरण पर ध्यान न दिया गया, तो प्रदर्शन करने को बाध्य होना पड़ेगा।