फोटो-18-सिग्नल न मिलने से कंचौसी स्टेशन पर खड़ी तेजस एक्सप्रेस। संवाद
- फोटो : गोलाघाट पुल के रास्ते में मौजूद खंभा, ट्रांसफार्मर व पेड़।
कंचौसी (औरैया)। सर्द मौसम और कोहरे ने ट्रेनों की चाल बिगाड़ दी है। दिल्ली-हावड़ा रेलवे रूट की एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें कई-कई घंटे देर से चल रही हैं।
मंगलवार को फरक्का नौ घंटे व ऊंचाहार एक्सप्रेस सात घंटे की देर से कंचौसी स्टेशन पहुंची। इससे यात्री ठंड में गंतव्य तक पहुंचने को परेशान हो गए।
डाउन फरक्का एक्सप्रेस का निर्धारित समय सुबह सवा चार बजे का है, लेकिन यह ट्रेन दिन के एक बजे के करीब कंचौसी पहुंची। इसी तरह प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार दिन के 11 बजे पहुंची। सुबह इटावा से चल कर कानपुर जाने मेमू डेढ़ घंटे लेट पहुंची। शिकोहाबाद-कानपुर मेमू साढ़े दो घंटा, कानपुर-टूंडला मेमू एक घंटा और टूंडला-कानपुर मेमू साढ़े तीन घंटे की देरी से पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया कि कोहरे और सर्दी के कारण ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। वहीं, दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही तेजस एक्सप्रेस सिग्नल न मिलने से कंचौसी स्टेशन पर करीब 15 मिनट तक खड़ी रही। इस दौरान पड़ रहे कोहरे से कई ट्रेनें भी धीमी गति से निकलतीं नजर आईं।