फोटो 22 एयूआरपी 50 टॉवर पर चढ़ा युवक। संवाद
अयाना। गांव भासौन में एक युवक पहली पत्नी के घर न आने से दूसरी शादी की जिद करने लगा। परिजन के मना करने पर युवक टॉवर पर चढ़ गया। पुलिस व फायर बिग्रेड ने समझाकर उसे नीचे उतारा। पुलिस के वहां से जाते ही वो दोबारा टॉवर पर चढ़ गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे दोबारा नीचे उतारा।
गांव भासौन निवासी अंकुश राठौर रविवार रात नौ बजे के करीब घर से कुछ दूरी पर स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। ऊपर से दूसरी शादी व रुपयों की मांग करने को लेकर शोर मचाने लगा। यह देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष अजय कुमार व फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। परिजन की मदद से उसे नीचे उतारने का प्रयास किया। करीब दो घंटे बाद 11 बजे परिजन की ओर से 20 हजार रुपये देने की बात कही। इसके बाद युवक टॉवर से नीचे उतर कर आया।
पुलिस की पूछताछ में अंकुश ने बताया कि उसने वर्ष 2018 में बिहार की रहने वाली पुष्पा से शादी की थी। उसकी एक बेटी भी है। पांच साल से पत्नी गुजरात के अहमदाबाद में रहकर नौकरी कर रही है। उसने कई बार पत्नी को बुलाने का प्रयास किया लेकिन वह उसे ही अहमदाबाद आकर साथ रहने के लिए कहती है। इसलिए वह दूसरी शादी करना चाहता है। मगर परिजन पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करवाने के लिए तैयार नहीं है।
उसने अपनी कमाई के 20 हजार रुपये भाई सुधीर को दिए थे जोकि परिजन नहीं दे रहे हैं। मामला शांत होने के बाद सोमवार शाम करीब छह बजे वह दोबारा टॉवर पर चढ़ गया। पुलिस व दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। मशक्कत के बाद उसे दोबारा नीचे उतारा गया। बाद में परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि दूसरी शादी को लेकर युवक टॉवर पर चढ़ा था। जिसे दो बार उतार कर परिजन के सुपुर्द किया गया है।
-
दूसरे दिन घर पर कुल्हाड़ी लेकर बैठा रहा अंकुश
अयाना। टॉवर से उतरवाने के बाद पुलिस ने अंकुश को समझाकर परिजन को सौंप दिया था। इसके बाद वह परिजन के साथ घर चला गया था। सोमवार को वह घर पर मौजूद रहा लेकिन वह अपने साथ में कुल्हाड़ी लेकर बैठा दिखा। किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए परिवार के अन्य पुरुष सदस्य मौके पर मौजूद नहीं मिले। अंकुश ने बताया कि वह पुलिस के कहने पर टॉवर से नीचे नहीं उतरा है। बल्कि अपने ताऊ के बेटे विकास की बात मान कर टॉवर से उतरा है। परिजन ने उसे उसके 20 हजार रुपये देने की बात कही थी। मगर दोपहर तक उसे रुपये नहीं मिले हैं।
फोटो 22 एयूआरपी 50 टॉवर पर चढ़ा युवक। संवाद