एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के एक विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा नौ की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और विरोध करने पर परिजन को पीटने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी एक विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा है। आरोप है कि उसी विद्यालय में पढ़ने वाला दूसरे समुदाय का युवक उसे आएदिन परेशान करता था। छात्रा ने परिजन को जानकारी दी तो उन्होंने विद्यालय पहुंचकर युवक को समझाया और दोबारा परेशान न करने की चेतावनी दी।
इसके बाद भी उसकी हरकतों में सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार सुबह युवक छात्रा के घर पहुंच गया और हाथ पकड़कर घर से खींचने लगा। विरोध करने पर आरोपी, उसके भाई और बहनोई ने परिजन को पीट दिया। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गांव निवासी आरोपी के मोहम्मद नाजिर व बिधूना कोतवाली के गांव ताजपुर निवासी मोहम्मद इरशाद को पकड़ लिया गया। दोनों का शांतिभंग में चालान कर कोर्ट में पेश किया गया है।(संवाद)