फोटो-04-जर्जर अवस्था में पड़ा मार्ग। संवाद
- फोटो : Archive
रुरुगंज। कस्बे से पंडपुर जाने वाले मार्ग पर सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। करीब 20 साल से बदहाली का दंश झेल रही सड़क के दिन अब बहुरने वाले हैं। लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रहे इस मार्ग के निर्माण के लिए शासन से 30 लाख 74 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत हो गई है।
बताया जाता है कि इस सड़क का निर्माण पहले मंडी समिति की ओर से कराया गया था लेकिन इसके बाद लंबे समय तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। दो विभागों के बीच जिम्मेदारी को लेकर सड़क की हालत लगातार बिगड़ती गई। गड्ढों और उखड़ी सड़क से राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी। सड़क की बदहाली को लेकर अमर उजाला ने कई बार प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित किया। अब करीब 1200 मीटर लंबे मार्ग के निर्माण को मंजूरी मिलने से लोगों में उम्मीद जगी है। स्वीकृत धनराशि से सड़क पर सीसी रोड और डामरीकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही नाली निर्माण और मिट्टी का फुटपाथ भी बनाया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद राहगीरों को जर्जर सड़क से निजात मिलने के साथ आवागमन सुगम हो सकेगा। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता आकिल कुरैशी ने बताया कि इस मार्ग की स्वीकृति प्रदान हो गयी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।