औरैया। सावन माह के दूसरे सोमवार को शिवालयों में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। देर रात तक शिव मंदिर हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे। भक्तों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की।
भगवान शिव की आराधना को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सभी मार्गों पर कांवड़ लेकर शिव भक्त आते-जाते दिखाई दिए। आज सावन माह के दूसरे सोमवार को शिवालयों में पिछले दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ देखने को मिली। शहर से दूर बीहड़ स्थित देवकली मंदिर पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए भक्त सुबह तीन बजे से ही पहुंचना शुरू हुए।
दोपहर एक बजे तक महिला व पुरुष श्रद्धालुओं की लगभग डेढ़ किलो मीटर तक लंबी लाइन देखने को मिली। घंटों लाइन में लगे भक्त तेज धूप में हाथों में फूल, पूजन सामग्री व दूध के गिलास लेकर जयकारा लगाते आगे हुए बढ़ते दिखे। तो वहीं भीड़ को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस कर्मियों को भी मशक्कत करनी पड़ी। इधर अन्य भक्तों ने भी पंचामृत, पुष्पमाला, चंदन, अक्षत, बेल पत्र, दूध, आक के फूल, फल भगवान शिव को अर्पित किए। सावन के पहले सोमवार की अपेक्षा दूसरे सोमवार को अधिक भीड़ देखने को मिली।
-
भीड़ देख दुकानदारों के चेहरे खिले
देवकली मंदिर के बाहर लगभग एक किलो मीटर में मेले का आयोजन किया जा रहा है। शिव भक्तों ने भगवान शिव की पूजा करने के बाद मेले में घरेलू सामान की जमकर खरीदारी की। यही नहीं झूले, चाट, आइसक्रीम आदि का भी आनंद लिया। भक्तों की उमड़ी भीड़ को देखकर दुकानदारों के चेहरों पर भी मुस्कान देखने को मिली।
पूजन के लिए उमड़े लोग
शहर के मोहल्ला भूतेश्वर, तिलक नगर, निझाई, होमगंज, गुमटी मोहल्ला, पढ़ीन दरवाजा, महावीरगंज, नरायनपुर आदि मोहल्लों में स्थित शिव मंदिरों पर भी पूजन करने वालों की भीड़ देखने को मिली। कोई एक लोटा जल चढ़ाते दिखा। तो कोई विधि विधान से पूजन करते नजर आया।