फफूंद चौराहे पर बुधवार को पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। इससे राहगीर एवं वाहन स्वामी परेशान रहे। लोगों ने जाम से निजात के लिए यातायात पुलिस तैनात किए जाने मांग की।
औरैया से कन्नौज जिले को जोड़ने वाले विलरायां पनवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रेलवे क्रासिंग फफूंद पर पिछले वर्ष रेल ओवरब्रिज बनकर तैयार हो गया। ओवर ब्रिज बनने के बाद कन्नौज, शाहजहांपुर आसपास के जनपदों के लिए वाहन इसी मार्ग से गुजरने लगे। इस मार्ग पर वाहनों की तादाद कई गुना बढ़ गई है। इससे लोग परेशान रहते हैँ।
एसपी मनोज तिवारी के निर्देश पर यहां अस्थाई रोड डिवाइडर के साथ ही यातायात पुलिस की तैनाती कर दी गई। नहर पुल पर यातायात व्यवस्था बहाल होने के बाद वहां जाम लगना तो बंद हो गया।
परंतु अब फफूंद चौराहे पर जाम की समस्या विकराल होने लगी है। लोगों का कहना है कि यदि यही हाल रहा तो सहालग के समय जाम की समस्या और अधिक रुलाएगी।