जयनगर से नई दिल्ली जा रही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस बुधवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बच गई। अचानक लाइन पर जानवर आने से इंजन फेल हो गया।करीब ढाई घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। इस दौरान अप लाइन बाधित रही। इस दौरान यात्री परेशान रहे।
जयनगर से नई दिल्ली जा रही 12561 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस बुधवार अपरान्ह 12 बजकर 40 मिनट पर फफूंद रेलवे स्टेशन से नानस्टाप तेजी के साथ गुजर रही थी। वह पूर्वी केबिन के पास पहुंची थी कि अचानक ट्रेन के इंजन के सामने एक जानवर आकर टकरा गया। ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को बमुश्किल रोका। इस दौरान इंजन फेल हो गया।
फफूंद स्टेशन पर इंजन में कटे जानवर के लोथड़े निकालने के बाद रेलकर्मी उसे ठीक करने की कोशिश करते रहे, लेकिन सफल नहीं हुए। करीब ढाई घंटे बाद दूसरा इंजन पहुंचा। तब जाकर ट्रेन गंतव्य को रवाना हुई। बताते हैं कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन फफूंद के पश्चिमी छोर के आगे बनी रेलवे लाइन की कैंची (तीन अप लाइनों को जोड़ने वाले स्थान) तक फंसी थी। इस वजह से अप रेलमार्ग बाधित रहा।