औरैया। हादसे को दावत दे रही रामगढ़ पंचायत की झुकी पानी की टंकी को हरियाणा के एक्सपर्ट दो दिन में जमींदोज कर देंगे। 30 जून तक यह काम पूरा किया जाएगा।
सुरक्षा के लिहाज से टंकी के इर्दगिर्द 100 मीटर दायरे में मकानों को भी खाली कराया जाएगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन से जल निगम ने पत्राचार किया है। पुलिस ने भी गांव में इसे लेकर ग्रामीणों से संवाद किया है।
हरचंदपुर रामगढ़ ग्राम पंचायत में पिछले दिनों 15 मीटर ऊंची पानी की टंकी के झुक जाने का मामला पिछले माह सामने आया था। जल निगम ने इसे लेकर कन्नौज के विशेषज्ञ बुलाए थे। जांच में 12 साल पहले 49.98 लाख की लागत से तैयार हुई 15 मीटर ऊंची टंकी 56 सेंटीमीटर झुकी पाई गई थी।
विशेषज्ञ टीम की रिपोर्ट में टंकी के गिरने का अंदेशा जताते हुए ढहा देने की संस्तुति की गई थी। इसके बाद जल निगम ने जोनल कार्यालय से टंकी की रिपोर्ट के आधार पर इसे गिराने की अनुमति मांगी थी। जहां से अब हरी झंडी मिल गई है।
अब जल निगम की ओर से हरियाणा के ठेकेदार द्वारा एक्सपर्ट के जरिए टंकी गिराने की रूपरेखा तैयार की गई है। इस कार्य को 30 जून तक पूरा किया जाएगा। इसके लिए जल निगम की ओर से एई सत्यप्रकाश, जेई रविकांत समेत एसडीएम बिधूना निखिल राजपूत व पुलिस की टीम को शामिल किया गया है। सुरक्षा मानकों के तहत इस टंकी को गिराया जाएगा। हालांकि विभागीय अधिकारी टंकी के गिराए जाने के बाद नई टंकी के निर्माण को लेकर प्रस्ताव भेजे जाने की बात कह रहे हैं।
विभागीय सूत्रों के अनुसार रविवार सुबह हरियाणा के ठेकेदार यहां पहुंच जाएंगे। इसके बाद टंकी के ध्वस्तीकरण की कवायद शुरू होगी। सुरक्षा के मद्देनजर 100 मीटर दायरे में लोगों की आवाजाही को रोकने के लिए जल निगम ने डीएम को पत्राचार किया है। पुलिस से भी सहयोग मांगा गया है। इसे गिराने का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा।
आसपास मकान, सुरक्षा को लेकर संजीदगी
रामगढ़ में जिस खेरे वाली जमीन पर टंकी का निर्माण किया गया। वहां आसपास रिहायशी बस्ती है। 15 मीटर ऊंची टंकी गिरने से मलबे की चपेट में मकानों के आने की आशंका है। ऐसे में जल निगम की ओर से एक्सपर्ट के जरिए यह कार्य कराया जाएगा। किसी तरह की कोई गलती न हो। इसे लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी यहां लोगों को 100 मीटर दायरे से दूर रखेंगे। इसे लेकर ग्रामीणों से संवाद भी किया गया है।
-
30 जून तक रामगढ़ की पानी की टंकी गिरा दी जाएगी। इसके लिए हरियाणा के ठेकेदार को बुलाया गया है। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर यह ध्वस्तीकरण कराया जाएगा।- राकेश कुमार, एक्सईएन जल निगम