बिधूना। गजेंद्र सिंह पब्लिक इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडे्टस ने एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में कॉलेज का मान बढ़ाया। कैडे्टस ने एनसीसी कैंप में आयोजित प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया और छह गोल्ड समेत 10 मेडल जीते।
कॉलेज को भी बेस्ट कॉलेज का खिताब मिला। उत्तर प्रदेश की चार वाहिनी एनसीसी की ओर से इटावा के चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज हैवरा में 19 मई से 28 मई तक वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। इसमें कमान अधिकारी कर्नल सुधांशु द्विवेदी के निर्देशन में आयोजित शिविर में इटावा और औरैया के विभिन्न कॉलेजों के करीब 500 कैडेट्स ने हिस्सा लिया था।
शिविर में गजेंद्र सिंह पब्लिक इंटर कॉलेज बिधूना के जूनियर डिवीजन और जूनियर विंग के कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण में कॉलेज को बेस्ट कॉलेज का खिताब मिला। एनसीसी अधिकारी गौरव गुप्ता के साथ सभी एनसीसी कैडेट्स कैंप से वापस विद्यालय पहुंचे, जहां पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एसपी सिंह सेंगर, प्रधानाचार्य दिनेश प्रताप सिंह यादव ने सभी को माला पहनाकर स्वागत व सम्मान किया।
इन प्रतियोगिताओं में इन्होंने मारी बाजी
ड्रिल प्रतियोगिता में शुभी पाल व निखिल कुमार ने गोल्ड मेडल जीते। मैप रीडिंग में अंजली सक्सेना व मयंक द्विवेदी ने सिल्वर मेडल हासिल किए। फायरिंग में विमलेश कुमार व श्रद्धा सविता ने गोल्ड मेडल जीते। जबकि अंजली ने सिल्वर व निखिल कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया। विमलेश कुमार ने एक और गोल्ड मेडल जीता।