औरैया। अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के प्रबंधकों की बैठक शुक्रवार को बीबीएस स्मृति विद्यापीठ में हुई। निर्णय लिया गया कि ऑनलाइन या ऑफलाइन कक्षाओं में 75 फीसदी से कम उपस्थिति वाले छात्रों को परीक्षा से वंचित रखा जाए।
संगठन अध्यक्ष शिव प्रसाद यादव ने कहा कि कक्षा 01 से 12 तक अर्द्ध वार्षिक परीक्षाएं ऑनलाइन या ऑफलाइन विद्यालय कराएं। सीबीएसई के नियमों के तहत टीम स्कूलों की ऑनलाइन कक्षाओं की निगरानी करेगी। सीबीएसई ने निर्देशित किया है कि सत्र 2020-21 में कक्षा एक से आठ तक की अर्द्धवार्षिक/वार्षिक परीक्षा कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए यदि आवश्यक हुआ तो विद्यालय अपने स्तर पर ऑनलाइन परीक्षा कराकर बच्चों को अगली कक्षा भेजेगा। यदि छात्र/छात्राओं की ऑनलाइन कक्षाओं में उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम रहती है तो उन्हें उसी कक्षा में रोक दिया जाए। एसोसिएशन ने निर्णय लिया गया कि यदि कक्षा एक से आठ तक के छात्र ऑनलाइन कक्षाएं व विद्यालय द्वारा समय-समय पर आयोजित परीक्षाओं में भाग नहीं लेता है तो उसका सत्र शून्य मान लिया जाएगा। ऐसी स्थिति में अगले सत्र में उसी कक्षा में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसमें उसे इस वर्तमान सत्र में प्रवेश लेने की अनुमति है।
गौरव भूषण शर्मा ने कहा कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए स्कूल भी अपनी अहम भूमिका निभाएं, जिससे अभिभावक को स्कूल पर किसी तरह के आरोप न लगा सके। इस बैठक में डा. आनंद प्रबंधक सुदिति ग्लोबल ऑफ स्कूल, अनुपम प्रबंधक रेपिड ग्लोबल स्कूल, पुनीत दीक्षित प्रबंधक, कान्हा इंटरनेशनल स्कूल व अमित अग्रवाल प्रबंधक जेपी इंटरनेशनल स्कूल आदि उपस्थित रहे।