अजीतमल (औरैया)। ब्लाक सभागार में शनिवार को आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री सूक्ष्म लघु एवं मध्यम मंत्रालय भानुप्रताप वर्मा ने पात्रों को आवास की चाबियां वितरित कीं। आवास का सपना सच होने पर पात्रों के चेहरे खिल गए। इस मौके पर 10 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की गई। मंत्री ने कहा कि सभी पात्रों को दो माह में योजनाओं का लाभ जरूर मिल जाए।
प्रबुद्ध सम्मेलन की शुरुआत मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री भानुप्रताप वर्मा, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के सदस्य केके राज, पूर्व राज्य मंत्री ब्रजेश शुक्ला ने की। मंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार ने सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आवास आदि योजनाओं के आवेदनों पर शीघ्र जांच कर पात्रों को लाभ दें।
भाजपा की नीति सबका साथ सबका विकास है। इसके कारण विपक्षी पार्टियां बौखलाकर कुछ भी कह सकती हैं। कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख रजनीश पांडेय, बीडीओ अश्वनी सोनकर, सीडीपीओ छाया वर्मा, आंगनबाड़ी ब्लॉक कोआर्डिनेटर अनामिका, एडीओ पंचायत अतुल मिश्रा, चेयरमैन रानी पोरवाल, नवनीत तिवारी आदि मौजूद रहे।