औरैया। जिले में बिजली कटौती होने से गर्मी में लोग बिलबिला उठे हैं। आलम ये है कि बिजली विभाग फाल्ट बताकर जमकर कटौती कर रहा है। गांवों में तो बिजली का बुरा हाल है। जहां 18 घंटे बिजली देने के दावा है, वहां आठ से 10 घंटे ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। इससे कारोबार पर प्रभाव पड़ रहा है।
इन दिनों गर्मी कहर ढा रही है। इसके चलते बिजली ने भी आंखमिचौनी करनी शुरू कर दी है। लोग गर्मी से बचने के लिए एसी, कूलर का सहारा ले रहे हैं। जिससे ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर फुंक रहे हैं। यहीं नहीं फाल्ट और ऊपर से कटौती किए जाने की बात कहकर बिजली विभाग भी जमकर कटौती कर रहा है।
शहर में 24 घंटे बिजली देने का शेड्यूल है, जबकि यहां 12 से 14 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। तहसील स्तर और गांव में भी शेड्यूल के मुताबिक बिजली नहीं मिल पा रही है। ऐसी गर्मी में बिजली न आने से लोग बिलबिला उठे हैं। लोगों को न दिन में राहत मिल रही है और न ही रात में चैन की नींद सो पा रहे हैं।
बिजली कटौती से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाका बेला, सहार, अछल्दा, अजीतमल, अटसू, अयाना, दिबियापुर का है। अधीक्षण अभियंता विद्युत दिनेश दोहरे का कहना है कि तय शेड्यूल के अनुसार ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। कहीं पर फाल्ट होने पर ही कटौती की जाती है। फिलहाल लोड बढ़ा है, इस वजह से परेशानी हो रही है।
गांवों में दिन में घंटों बिजली गुल रहने से लोग परेशान
सहायल। असेनी फीडर से सहायल कस्बा, शिवगंज, बरियारेमऊ, पुरवा ढिकनी, सौंथरा, पुरवा बक्श, कपचिरायपुर, पुरवाचैन, अरियारी, ताजपुर समेत 80 गांवों को बिजली दी जाती है, लेकिन अघोषित कटौती के चलते इन क्षेत्रों में छह से आठ घंटे बिजली मिल रही है। दिन-रात में घंटों बिजली गुल होने से किसान बुरी तरह परेशान हैं। किसानों का कहना है कि नहरों व बंबों में पानी नहीं है और बिजली न आने पर नलकूप भी नहीं चल पा रहे हैं, जिससे फसल सिंचाई प्रभावित हो रही है।
रात में बिजली गुल होने से भड़का आक्रोश
अजीतमल। अजीतमल उपकेंद्र से अनंतराम, मुरादगंज कस्बे समेत करीब 100 गांवों को बिजली दी जा रही है। पिछले कुछ दिनों से रात में तीन से चार घंटे कटौती की जा रही है। इसे लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार रात 10 बजे की गई कटौती एक बजे बहाल हुई। इससे गर्मी में लोगों का बुरा हाल रहा। लोग घरों से बाहर निकल कर बिजली विभाग के प्रति आक्रोश जताते नजर आए। स्थानीय लोगों ने शेड्यूल के मुताबिक बिजली दिए जाने की मांग की है।
श्
सहायल में बिजली न आने पर गर्मी में परेशान बैठे लोग। संवाद- फोटो : AURAIYA