फोटो-40-सीएचसी में झुलसे लाइनमैन का उपचार करते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
- बेला विद्युत उपकेंद्र पर तैनात है, डॉक्टर ने सैफई रेफर किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना। बेला विद्युत उपकेंद्र पर तैनात संविदा लाइनमैन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद उसे इलाज के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना और फिर सैफई रेफर किया गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कल्याणपुर जागू निवासी मधुर सिंह (33) बेला विद्युत उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन हैं। बताया गया कि शनिवार शाम करीब 5:30 बजे बारकसी फफीता पुरवा के पास 11हजार की लाइन डबल पोल पर फ्यूज जोड़ने के लिए शटडाउन लिया गया था। शटडाउन मिलने के बाद मधुर सिंह पोल पर चढ़कर कार्य कर रहे थे, तभी अचानक लाइन में करंट आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए और पोल से नीचे गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें भी आईं।
आसपास के ग्रामीणों व विभागीय कर्मियों ने उन्हें तत्काल सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. विकास मिश्रा ने हालत नाजुक देखते हुए सैफई रेफर कर दिया। भाई विपिन व अन्य परिजनों ने उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शटडाउन के बावजूद लाइन में करंट कैसे आया, इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। घटना से परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। विद्युत विभाग जेई वीरेंद्र कुमार से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि अभी पूरी जानकारी करके बताएंगे लेकिन उनके बात करने से बचते नजर आए।