अजीतमल (औरैया)। घर में अकेली महिला से दबंगों ने छेड़छाड़ कर दी। शोर मचाने पर आरोपी भाग गए और रास्ते में पीड़िता के अपहरण की कोशिश की। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इटावा के थाना बकेवर क्षेत्र निवासी युवक अजीतमल कस्बे में रहता है। वह ट्रक चलाता है। युवक की पत्नी ने कोतवाली पुलिस को बताया कि पांच मई को दो लोग उसके घर पर आए और पति के बारे में पूछताछ की। पति के न होने पर दोनों घर में घुस आए और उससे छेड़छाड़ की। उसके चीखने पर ग्रामीणों को आता देखकर धमकी देकर भाग गए। घटना के कुछ ही देर बाद दबंगों ने रास्ते में एक होटल के समीप पति को देखकर मारपीट की और अपहरण का प्रयास किया। घटना की जानकारी अनंतराम चौकी प्रभारी को दी थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। वह न्याय के लिए कोतवाली आई है। कोतवाली निरीक्षक राजदेव प्रजापति ने बताया कि मामला लेनदेन का लग रहा है। सीसीटीवी में मारपीट समझ में आ रही है। मामले की जांच की जा रही है।