औरैया। दिबियापुर कस्बे से सटे घेरा, कैंझरी व जमुहां गांव में वर्ष 2019 से 200 बीघा खेत जलमग्न हैं। इस समस्या को लेकर अब इटावा लोकसभा सीट से सपा सांसद जितेंद्र दोहरे सामने आए हैं।
उनका कहना है कि वह इस मुद्दे को शासन में उठाएंगे। उनका दावा है कि हर कीमत पर किसानों की इस समस्या को दूर कराया जाएगा। दिबियापुर कस्बे से सटे गांव घेरा, कैंझरी व जमुहां की जलनिकासी मैनपूठ नाले से होती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस नाले पर जगह-जगह अतिक्रमण हो गया है। ऐसे में जलनिकासी अवरुद्ध है।
यह समस्या साल 2019 से बनी हुई है। इससे खेतों में फसलें नहीं उग पा रही है। साल के आठ माह खेत में पानी भरा रहता है। लगातार मांग उठाने के बाद भी किसानों की इस पीड़ा को दूर नहीं किया जा रहा है।
इस मसले को लेकर दिबियापुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन अरविंद पोरवाल की ओर से भी प्रयास किया जा चुका है। उन्होंने तत्कालीन डीएम को पत्राचार करते हुए नाले को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग रखी थी, लेकिन नाले को दुरुस्त नहीं किया जा सका है। किसानों का कहना है कि यह नाला आठ फीट का है।
बताया कि अतिक्रमण के चलते कहीं-कहीं पर नाला दो से डेढ़ फीट का ही रह गया है। अब सांसद जितेंंद्र दोहरे का कहना है कि वह जिला प्रशासन से लेकर शासन तक खेतों में जलभराव की यह समस्या उठाएंगे।