अजीतमल। एनएचएआई ने इटावा-कानपुर हाईवे पर प्रतापपुर ओवरब्रिज के पास बाबरपुर कस्बे के लिए इंट्री पॉइंट बनाने से इन्कार कर दिया। कहा कि हाईवे व सर्विस रोड के मध्य अलग कट देने का कोई प्रावधान नहीं है।
हाईवे मिलान के लिए रोड बनाए गए हैं। इस जवाब से बाबरपुर कस्बे के लोग संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि इटावा से आने वाले वाहनों को पांच किमी. पहले से सर्विस रोड पर विपरीत दिशा में वाहन दौड़ाने पड़ते हैं, तब कहीं जाकर वो कस्बा में पहुंचते है। इससे हर वक्त अनहोनी की आशंका बनती रहती है।
बाबरपुर कस्बा के पास हाईवे पर प्रतापपुर ओवरब्रिज तो बना है और कस्बे की ओर सर्विस रोड भी बनाया गया है, लेकिन ओवरब्रिज के पास उतरने के लिए कट नहीं बनाया गया है। इस कारण इटावा से बाबरपुर अजीतमल कस्बा आने के लिए वाहनों को फूटेकुआं से सर्विस रोड पर उतरने के बाद पांच किमी. सफर करना पड़ता है। तब कहीं जाकर वह कस्बा पहुंच पाते हैं।
कट न होेने से रोडवेज बसें भी कस्बे के अंदर आने से परहेज करती है। इसे देखते हुए मोहल्ला लक्ष्मीनगर के विशाल गुप्ता ने पीएम पोर्टल पर शिकायत कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की। शिकायत के जवाब में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने प्रतापपुर ओवरब्रिज के पास कट इंट्री प्वाइंट बनाने से मना कर दिया।
बताया गया कि सिक्सलेन में राष्ट्रीय राजमार्ग के हाईवे व सर्विस रोड के मध्य अलग कट बनाने का कोई प्रावधान नहीं है। सर्विस रोड को हाईवे से मिलाने के लिए प्वाइंट बनाए गए हैं। एनएचएआई के इस जवाब से लोगों में नाराजगी है। इसे लेकर संघर्ष करने का एलान भी किया है।