शहर की ऐतिहासिक शरदोत्सव प्रदर्शनी में बच्चों की खासी धूम दिखाई दे रही है। सुबह से देर रात तक दुकानों पर भीड़ खरीदारी को जुट रही है। तो वहीं झूलों पर भी खासी भीड़ का रेला दिखाई दे रहा है। वहीं मिक्की माउस पर नन्हें-मुन्नों के कदमों की उछल कूद देखते ही बन रही है।
पुराना नुमाईश मैदान पर चल रही नगर पालिका परिषद की शरदोत्सव प्रदर्शनी में जबरजस्त भीड़ का सैलाब उमड़ने लगा है। परिसर में लगी दैनिक जरुरतों की विभिन्न दुकानों से खरीदारी को जहां महिलाओं की संख्या प्रदर्शनी में अधिक दिखाई दे रही है। तो वहीं झूलों और तमाशों में बच्चों की भारी भीड़ जमा हो रही है। इससे प्रदर्शनी की रौनक में चार चांद लगते दिखाई दे रहे हैं।
इस बार जहां क्रास और टोरा-टोरा झूला बच्चों को आकर्षित कर रहा है। तो वहीं आसमानी व नाव झूला अभी कुछ ठंडे पड़े हैं। प्रदर्शनी परिसर में खाने-पीने की दुकानों पर भी अच्छी-खासी भीड़ जमा हो रही है। प्रदर्शनी पंडाल में आयोजित कार्यक्रमों को बरसात के व्यवधान से बचाने के लिए वॉटर प्रूफ पांडाल बनवाया जा रहा है। ठेकेदार कृष्ण मुरारी तिवारी ने बताया कि गत वर्ष प्रदर्शनी के दौरान बरसात हो जाने से जहां पंडाल की व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी।
वहीं काफी नुकसान भी हो गया था। इससे इस बार पहले से ही व्यवस्था की जा रही है। जिससे पांडाल में कार्यक्रमों के दौरान बरसात होने पर कोई समस्या खड़ी न हो।