फोटो-27 एयूआरपी 23 फफूंद के तिराहा चमनगंज में नाले पर लगा जाम। संवाद
फफूंद। कस्बा इन दिनों जाम की समस्या से जूझ रहा है। यहां के मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण है। रही सही कसर दुकानदारों, ठेले व खोमचे वालों ने कब्जा कर पूरी कर दी। यही नहीं ऑटो और ई रिक्शा चालकों की मनमानी ने भी हालात बिगाड़ दिए हैं। इससे कस्बे में जाम तो लगता है, साथ ही राहगीरों की राह चलना भी मुश्किल है।
नाला तिराहा चमनगंज होकर अछल्दा चौराहा व तिराहे से बकरमंडी मोड़ तक दुकानदार सड़क पर बेंच व सामान फैलाए हैं। सब्जी व फल विक्रेताओं के ठेले व खोमचे ने भी रास्तों पर डेरा जमा लिया है। इससे दोपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ आए दिन झगड़े की नौबत बन जाती है।सबसे बदहाल हालात तिराहा चमनगंज से अछल्दा चौराहे तक हैं। शनिवार को तो अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आधे घंटे तक लंबा जाम लगा रहा।
कस्बे के गोपाल मिश्रा,अंकित रंजन त्रिपाठी, शिवा शुक्ला, उपेंद्र दुबे, कामिल, रामकुमार, इश्तियाक व सुनील ने प्रशासन से कस्बे को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी विनय कुमार पांडेय से संपर्क किया तो उन्होंने मीटिंग में होने की बात कहकर फोन काट दिया। (संवाद)