औरैया। कोरोना वायरस के साथ ही संचारी रोग नियंत्रण के लिए जनपद में तैनात किए गए नोडल अधिकारी, अपर मुख्य सचिव, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण हेमंत राव ने संचारी रोग के साथ ही कोरोना वायरस के नियंत्रण को प्रभावी कदम उठाने के आदेश दिए। कहा कि गांवों में प्रधानों को भी इसको लेकर जागरुक किया जाए, ताकि ऐसे रोगों पर नियंत्रण पाया जा सके। कहा कि ज्यादा से ज्यादा जांच कराई जाएं।
शासन की ओर से कोरोना के नियंत्रण को लेकर नोडल अधिकारी को दो दिवस के लिए भेजा गया है। वह बुधवार की सुबह औरैया पहुंचे,जहां उन्होंने अफसरों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। इस दौरान संचारी रोगों की रोकथाम, विशेष साफ-सफाई, फागिंग, एण्टीलार्वा दवाओं का छिड़काव, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, बाढ़ रोकथाम, कोविड-19 के दृष्टिगत जनपद की व्यवस्थाओं सहित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 339 कोरोना मरीज है। जिसमें से 163 मरीज ही एक्टिव हैं। जबकि 174 मरीज ठीक होकर सकुशल घर वापस जा चुके हैं। नोडल अधिकारी ने सीएमओ से डोर टू डोर किए गए सर्विलांस एवं सैंपलिंग के लिए की गई व्यवस्था के बारे में पूछा जिस पर सीएमओ ने बताया कि जनपद में अभियान चलाकर डोर टू डोर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग की गई एवं सैंपलिंग के लिए कई बूथ बनाए गए।
नोडल अधिकारी ने नगर पालिका और नगर पंचायतों से नगर में कराए जा रहे साफ-सफाई सैनिटाइजेशन आदि के संबंध में जानकारी ली जिस पर अधिशासी अधिकारियों ने बताया कि उनके द्वारा नगर में सुबह शाम समय साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन का कार्य कराया जा रहा है। साथ ही फागिंग भी कराई जा रही है।
नोडल अधिकारी ने सभी ईओ को निर्देश दिए कि वह नियमित रूप से सैनिटाइजेशन व साफ सफाई कराते रहें। ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन के संबंध में एडीपीआरओ राजेश चौरसिया को निर्देश दिए कि वह न्याय पंचायत वार इसकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम अभिषेक सिंह, एसपी सुनीति आदि अधिकारी मौजूद रहे।