औरैया। शहर के प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी गुरुवार की सुबह से लापता है। इससे व्यापारी के परिजनों व व्यापारी नेताओं में खलबली देखने को मिली। दोपहर बाद कोतवाली पहुंचे व्यापारी के परिजनों और व्यापारियों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
गुरुवार की दोपहर 12 से अधिक व्यापारी कोतवाली पहुंची। शहर के मोहल्ला ब्रह्मनगर निवासी आढ़ती व्यापारी श्रीप्रकाश ने कोतवाली पुलिस को बताया कि उनके छोटे भाई विजयकांत पुरवार इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी है। बताया कि विजयकांत बुधवार को दिबियापुर रोड स्थित मिल पर गए थे। यहां से वह देर शाम तक घर नहीं लौटे। काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली है।
अपहरण व अनहोनी की आशंका जताते हुए आढ़ती व्यापारी व उनके साथ आए व्यापारियों ने शीघ्र खोजबीन किए जाने की मांग की। श्रीप्रकाश ने बताया कि रिश्तेदारों, व्यवहारियों व व्यापारी नेताओं से भी संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली है। कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। व्यापारी की तलाश की जा रही है। इसके लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया है।