संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। करीब तीन दिन पूर्व शहर के देवकली से आई बिजली लाइन में फाल्ट हो गया था। जिसे देखते हुए रविवार को बिजली विभाग की ओर से लाइन को सुरक्षित करने का काम हुआ। पेड़ों की छटाई से लेकर जर्जर तारों को बदला गया। इस दौरान शहर में तीन घंटे तक बिजली गुल रही। काफी हद तक लोगों को परेशान होना पड़ा।
बिजली विभाग के कर्मचारी रविवार दोपहर देवकली-खानपुर रोड किनारे मरम्मत कार्य करने पहुंचे। यहां पर बिजली लाइन से सटे पेड़ों की छटाई कराई गई। इसके साथ ही जर्जर तारों को हटाया गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुआ काम तीन घंटे तक चला। इस दौरान शहर के चारों फीडरों की सप्लाई बंद रही। प्रतिष्ठानों से लेकर घरों में लोग परेशान हुए तो उपकेंद्र से शिकायत दर्ज कराई गई।
शाम तीन बजे के करीब सप्लाई को बहाल किया गया। अवर अभियंता सुभाष यादव ने बताया कि बिजली लाइनों को सुरक्षित करने का काम किया गया था। सुरक्षा के लिहाज से बिजली सप्लाई बंद की गई थी। जिसे काम पूरा होने के बाद बहाल कर दिया गया।