कंचौसी (औरैया)। गर्मी की दस्तक के साथ ही जिले में अलग-अलग जगहों पर बिजली फाल्ट की समस्या बढ़ गई है। असेनी पावर हाउस से जुड़े बिहारीपुर उपकेंद्र की लाइन में फॉल्ट आ गया।
कंचौसी-दिबियापुर के बीच में शनिवार रात करीब एक बजे 33 केवीए लाइन में फाल्ट होने से बिजली सप्लाई करीब 10 घंटे बंद रही। इससे 12 गांवों में बिजली गुल रही।
कंचौसी और आसपास के जमौली, चंद्रपुर, चमरोआ, रोशनपुर, बिनपुरापुर, शाहपुर, घसापुरवा, प्रसाद का पुर्वा, दोही सहित 12 गांवों के उपभोक्ता बिजली बाधित होने से परेशान रहे। रविवार सुबह 11 बजे के बाद फाल्ट मिलने पर बिजली सप्लाई बहाल हो सकी। इससे उपभोक्ताओं को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। बिजली सप्लाई ठप होने से इन्वर्टर भी धोखा दे गए।
उपभोक्ताओं ने बताया कि आए दिन बिजली लाइन फाल्ट होने से सप्लाई बाधित हो जाती है। बोर्ड परीक्षा चल रही है। बिजली की सप्लाई बेपटरी होने से परीक्षार्थियों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।
अवर अभियंता सतीश जायसवाल ने बताया कि कंचौसी दिबियापुर के बीच 33 केवी लाइन में फाल्ट होने से सप्लाई बाधित रही थी। फाल्ट को ठीक कराते हुए बिजली सप्लाई बहाल करा दी गई थी।