बेला(औरैया)। गांव की सरकार बनने के बाद चारो तरफ जश्न का माहौल है। कहीं पर पार्टी का दौर चल रहा है तो कुछ लोग अभी भी समर्थकों के साथ जुलूस निकाल कर लोगों का आभार प्रकट कर रहे है। बेला थाना क्षेत्र के भंडरिया ग्राम पंचायत में जुलूस निकालने पर नवनिर्वाचित प्रधान सहित 20 लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पंचायत चुनाव का परिणाम रविवार से लेकर मंगलवार तक आया। जीत की जानकारी मिलते ही प्रधान व उनके समर्थकों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बेला के ग्राम भंडरिया में प्रधान पद के प्रत्याशी हिमाचल सिंह पुत्र मेवाराम ने जीत के बाद खुशी में अपने आधा सैकड़ा समर्थकों के साथ गांव में जुलूस निकाला। कोविड-19 नियमों की अनदेखी करने और संक्रमण फैलाने की आशंका को लेकर पुलिस ने नवनिर्वाचित प्रधान सहित 20 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।