अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के अछल्दा मार्ग पर बाइक सवार बुजुर्ग व पौत्र को कुछ लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि तमंचा दिखाकर शराब के लिए रुपये मांगने लगे। विरोध करने पर बाबा-पौत्र को पीट दिया। बुजुर्ग ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना अछल्दा के गांव बघुल्याई निवासी 80 वर्षीय रामदत्त बुधवार को अपने पौत्र राघवेंद्र सिंह के साथ बाइक से बृहस्पतिवार को औरैया बाजार गए थे। शाम को वहां से वापस आने के दौरान गांव हबिलिया के आगे नदी पुल के पास बाइक को वहां खड़े लोगों ने रोक लिया।
आरोप है कि बुजुर्ग का गला पकड़कर उसे नीचे गिरा दिया और तमंचा दिखाकर शराब के लिए रुपये मांगने लगे। रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने पीटना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनकर लोग वहां पहुंचे। इससे पहले आरोपी धमकी देकर भाग गए। जानकारी पर पुलिस पहुंची।
पीड़ित से घटना के बारे में पूछताछ की। कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।