फोटो-33-नदी में युवक की तलाश करती टीम। संवाद
फफूंद। मवेशी चराने गया युवक घर नहीं पहुंचा। परिजन ने खोजबीन की तो नदी किनारे मवेशी और उसके कपड़े मिले। परिजन ने नदी में डूबने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। नदी में युवक की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
फफूंद थाना क्षेत्र के गांव बम्होरी निवासी छोटे बाल्मीकि रोज की तरह बृहस्पतिवार को मवेशी चराने के लिए घर से निकला था। शाम को वापस न आने पर परिजन ने उसकी तलाश की। इस दौरान नदी किनारे मवेशी और उसके कपड़े मिले। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। परिजन ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
शुक्रवार को थाना पुलिस दमकल कर्मी और एसडीआरएफ की टीम सेंगर नदी किनारे पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। शाम को अंधेरा होने तक टीम तलाश में जुटी रही। इसके बाद सभी वापस चले गए। शनिवार को भी टीम युवक की तलाश करेगी।
छोटे अपने चार भाइयों में सबसे छोटा है। अभी उसकी शादी नहीं हुई है। पिता की पहले मौत हो चुकी है। वह अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहता था। उसके न मिलने से परिजन परेशान हैं। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि युवक की तलाश शाम तक की गई। उसका पता नहीं चल सका। शनिवार को दोबारा खोजबीन की जाएगी।