औरैया। शहर में नाले और नालियों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ शनिवार को नगर पालिका ने अभियान चलाया। देवकली चौराहे से दयालपुर चौराहे तक चलाए गए अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने खुद सामान समेट लिया। कुछ दुकानदारों ने समय मांगा, लेकिन अफसर नहीं माने और अतिक्रमण हटवा दिया।
शहर में सड़क किनारे से लेकर नालों के ऊपर तक अतिक्रमण है। इसके कारण नाला सफाई में भी परेशानी होती है। शनिवार को नगर पालिका एसआई मनोज निगोटिया, ब्रह्मनगर सभासद प्रतिनिधि रामू त्रिवेदी ने पालिका कर्मियों के साथ देवकली चौराहे से लेकर दयालपुर चौराहे तक नालों पर स्थायी रूप से कराए गए निर्माण को तोड़ दिया।
ये देख कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया। लोग खुद सामान समेटने लगे। सेनेटरी इंस्पेक्टर मनोज कुमार निगोटिया ने बताया कि नालों के ऊपर अतिक्रमण होने से सफाई कर्मियों को नाला साफ करने में दिक्कत होती है। लोगों को चेतावनी दी गई है कि दोबारा नालों के ऊपर कब्जा न करें।