औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चिरूहूली में हाईवे पर शनिवार की शाम तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी, जिससे बाइक सवार एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को अपनी जीप से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर घायलों में एक को सैफई रेफर कर दिया।
कानपुर देहात के ग्राम नसीरपुर निवासी गीता देवी (40) पत्नी मनोज अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मिलकपुर निवासी अपनी बहन के घर से मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से अपने भांजों सगे भाई अजय व विनय पुत्रगण अहिबरन के साथ वापस शाम को लगभग पौने आठ बजे लौट रही थी। जैसे ही उनकी बाइक सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चिरूहूली के पास स्थित राधे ईट भट्ठा के सामने पहुंची ही थी कि तभी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अपनी जीप से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने महिला को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अजय को सैफई रेफर कर दिया। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया कि शायद झपकी आ जाने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया। जिससे बाइक सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी। उधर सूचना पर घायलों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।