औरैया। बेसिक शिक्षा विभाग में कुछ शिक्षक फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र लगाकर नौकरी कर रहे हैं। इसका खुलासा करने के लिए एक व्यक्ति ने आरटीआई के तहत जिला बेसिक शिक्षा विभाग के जन सूचना अधिकारी से आरटीआई के तहत सूचना मांगी थी।
चार महीने बाद भी बीएसए ने सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराईं हैं। संबंधित व्यक्ति ने अब उपभोक्ता फोरम में जाने की चेतावनी दी है।
अधिवक्ता निष्णात शुक्ला ने बताया कि फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र लगाकर शिक्षकों की नौकरी के बाबत आरटीआई के तहत 27 दिसंबर 2019 को जिला बेसिक शिक्षाधिकारी/जन सूचना अधिकारी से नौ बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई थी। लेकिन आज तक जवाब नहीं दिया गया है। इस संबंध में रिमाइंडर भी कराया गया है। अधिवक्ता निष्णात ने बताया कि यदि शीघ्र मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं हैं तो वह उपभोक्ता फोरम में वाद दायर करेंगे।