औरैया। जिले के परिषदीय स्कूलों के बच्चों का शैक्षिक स्तर जानने को एक बार फिर विशेष परीक्षा यानी लर्निंग आउटकम परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा 14 फरवरी को होनी है। बीएसए सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि निदेशक स्तर से गाइड लाइन जारी हो चुकी है। इसके हिसाब से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। जल्द बैठक बुलाकर इस पर योजना तैयार की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक करीब 80 हजार छात्र-छात्राओं के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। परीक्षा की जिला स्तर पर तैयारी शुरू हो चुकी है। पिछले सत्र में जिले में यह लर्निंग आउट कम परीक्षा आयोजित की गई थी। जिसमें कक्षा पांच से लेकर आठ तक करीब 43 हजार छात्र-छात्राओं में 41 हजार छात्र-छात्राएं बच्चे शामिल हुए थे।
इस बार प्रदेश के प्रत्येक जिले में कक्षा तीन से आठ तक के बच्चों का शामिल किया जा रहा है। इसमें जिले के करीब लगभग 80 हजार बच्चों के शामिल होने की उम्मीद है। प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के लिए हिंदी, अंग्रेजी, गणित, हमारा परिवेश से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। उच्च प्राथमिक स्तर पर बच्चों को लर्निंग आउटकम परीक्षा में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान व सामाजिक अध्ययन से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
बीएसए ने बताया कि शासन ने दस फरवरी तक प्रश्नपत्रों का मुद्रण करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के दो दिन पहले इन्हें ब्लॉक स्तर पर पहुंचाना होगा। परीक्षा के बाद इसका मूल्यांकन 25 फरवरी तक मांगा गया है, जिसको लेकर मूल्यांकन जिला स्तर पर ही कराने के निर्देश हैं। डायट प्राचार्य को निर्देशित किया गया है कि डीएलएड प्रशिक्षु इस कार्य में ब्लॉक स्तर पर लगाए जाएं, जिनसे मूल्यांकन कराया जाए।