औरैया। शासन की सख्ती के बाद भी जिले में बिना मान्यता के कई विद्यालय संचालित हो रहे हैं। सहार ब्लाक क्षेत्र में बिना मान्यता के चल रहे तीन विद्यालयों के बारे में जिले के प्रभारी मंत्री, डीएम व बीएसए तक से शिकायत की जा चुकी है। इसके बाद भी अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
कैनेडी उत्तर माध्यमिक विद्यालय हरवंशपुर के प्रबंधक बृजेश कुमार सिंह व प्रधानाचार्य ओम प्रकाश सिंह चौहान ने प्रभारी मंत्री जय कुमार सिंह जैकी को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि उनके विद्यालय से 200 से 500 मीटर की परिधि में तीन वर्षों से मां सरस्वती विद्या मंदिर पुरवा खगन हरवंशपुर, विजय पब्लिक स्कूल पुरवा खगन हरवंशपुर व बहादुरपुर में एक मांटेसरी स्कूल बिना मान्यता के चल हो रहे हैं।
यह शिकायत 19 जुलाई 2019 में की गई थी। प्रबंधक व प्रधानाचार्य का आरोप है कि वर्ष 2017 से यह तीनों विद्यालय अमान्य विद्यालयों में दर्ज थे, लेकिन वर्ष 2019 में इन विद्यालयों का नाम अमान्य सूची से गायब हो गया। उन्होंने प्रभारी मंत्री से बिना मान्यता के संचालित होने विद्यालयों की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, इस मामले में आधा दर्जन शिकायतें प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर के प्रधानाचार्य आशुतोष पाल, प्राथमिक विद्यालय पिपरौली शिव के प्रधानाध्यापक जैनेंद्र प्रताप सिंह भी कर चुके हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पोर्टल पर तीन बार शिकायत के बाद भी फर्जी निस्तारण किया जा रहा है।
मालूम हो कि बेसिक शिक्षा विभाग ने 128 अमान्य विद्यालय चिंह्ति किए थे। डीएम के निर्देशन में औरैया, अजीतमल व बिधूना के एसडीएम, डीईआईओएस, डायट प्राचार्य व बेसिक शिक्षा अधिकारी की कमेटी गठित की गई थी। जिसमें 52 विद्यालयों ने मान्यता ले प्राप्त कर ली। शेष संचालित 76 अमान्य विद्यालयों पर जुर्माना लगाकर तहसीलस्तर पर वसूली करने के निर्देश दिए गए थे।
उधर, इस संबंध में बीएसए सूर्य प्रकाश सिंह का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में है। वह तीन बार स्वयं इन विद्यालयों का निरीक्षण कर चुके हैं। यदि इन संचालकों ने विद्यालय बंद न किए तो इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।