औरैया। सदर विधायक रमेश दिवाकर की पहल पर उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने जिले में एक और राजकीय बालिका इंटर कालेज की हरी झंडी दे दी है। स्वीकृति के बाद गुरुवार को विधायक के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने कालेज के लिए जमीन देखी। साथ ही इस संबंध में शासन को पत्र भेजे जाने की बात कही। विधायक की मानें तो जल्द इंटर कालेज का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। मालूम हो कि मौजूदा समय में जिले में चार राजकीय बालिका इंटर कालेज व एक राजकीय इंटर कालेज है। इसके अलावा 10 राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हैं।
गुरुवार को दोपहर सदर विधायक रमेश दिवाकर व एसडीएम अनुपम शुक्ल ने तहसीलदार राम चौधरी और तहसील के कर्मचारियों के साथ मां मंगला काली मंदिर के आसपास सरकारी जमीन की जांच पड़ताल करने पहुंचे। लगभग एक घंटे तक चली पड़ताल के बाद विधायक ने बताया कि मां मंगला काली मंदिर के पास राजकीय बालिका इंटर कालेज का निर्माण होगा।
इसकी स्वीकृति उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा से मिल चुकी है। इस संबंध में जिले के अधिकारियों को भी पत्र जारी हो चुका है। बताया कि लगभग चार महीने पहले इस संबंध में उन्होंने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। विधायक ने बताया कि कालेज के लिए लगभग एक एकड़ जमीन की आवश्यकता है। मंदिर के पास की जमीन को कालेज के लिए चिह्नित कर लिया गया है। बताया कि इस बीहड़ी जमीन को समतलीकरण करने के लिए विधायक निधि से 30 लाख रुपये उनके स्तर से स्वीकृत की जा रही है। शीघ्र ही यहां विद्यालय का निर्माण शुरू होगा।