अयाना (औरैया)। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के टकपुरा नहर पुल की झाल में गुरुवार को एक महिला का शव अटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाल कर शिनाख्त कराने की काफी कोशिश की, लेकिन चेहरा क्षतिग्रस्त होने से पहचान नहीं हो सकी।
टकपुरा नहर पुल की झाल में ग्रामीणों ने एक महिला का शव देखा। लोगों ने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान रमेश चंद्र को दी। प्रधान की सूचना पर सीओ अजीतमल कमलेश नारायण पांडेय, कोतवाल अजीतमल हेमंत कुमार व एसओ अयाना पप्पू सिंह मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। महिला के शरीर पर नीला-हरा-नारंगी फूलदार कुर्ता व लाल-सफेद पैजामी है। चेहरा पूरी तरह से बिगड़ा हुआ था।
पुलिस ने आसपास के लोगों से शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। एसओ अयाना पप्पू सिंह का कहना है कि देखने से महिला की उम्र 35 साल की मालूम हो रही है। शिनाख्त न होने पर शव को 72 घंटे के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है।