फोटो 11एयूआरपी23- मौके पर लगे जाम को खुलवाने की मशक्कत करती पुलिस
- फोटो : AURAIYA
दिबियापुर (औरैया)। गुरुवार की सुबह बाइक सवार युवक रामगढ़ की ओर जा रहा था। खरगपुर के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित डंपर लोडर ने बाइक सवार को रौंद दिया। लोगों ने मृतक की पहचान दीपक कुमार (26) पुत्र लाल सिंह निवासी खरगपुर जलालपुर फफूंद के रूप में की। सूचना पर पहुंची यूपी 112 की टीम ने टक्कर मारने वाले डंपर एवं उसके चालक को पकड़ लिया। इस बीच मौके पर जमा हुए युवक के परिजनों ने हंगामा कर शव रखकर जाम लगा दिया।
हरचंदपुर चौकी इंचार्ज रामखिलाड़ी यादव ने बिधूना की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को रामगढ़ में रोक दिया। मौके पर दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल विश्वकर्मा, दरोगा रामखिलाड़ी यादव के साथ बिधूना एवं सहायल थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस एवं जलालपुर फफूंद के प्रधान बरजोर सिंह के साथ अन्य लोगों के समझाने पर लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद परिजन शांत हुए।
पिता की तहरीर पर डंपर चालक के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के अनुसार, उसकी शादी इसी माह थी। शादी की तैयारियों के तौर पर गांव में ही मकान का निर्माण करा रहा था। गुरुवार को लिंटर पड़ना था। राज मिस्त्री ने जो सामान बताया था, उसे लेने के लिए रामगढ़ जा रहा था। तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।