बिधूना। हल्के कोहरे की धुंध में वाहनों के टकराने की पहली घटना सोमवार तड़के बेला कस्बा के सिरयावा मोड़ पर हुई। इटावा से 25 सवारियों को रसूलाबाद ले जा रही स्लीपर बस व गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से टकरा गई।
सवारियों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी पर स्थानीय लोगों की जुटी भीड़ ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे में घायल हुए पांच लोगों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। सड़क पर खड़े दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से किनारे कराकर वाहनों का आवागमन सुचारु कराया गया।
इटावा से कानपुर देहात के रसूलाबाद जा रही स्लीपर बस सोमवार सुबह लगभग आठ बजे के करीब बेला-बिधूना मार्ग से निकल रही थी। बस जैसे ही सिरयावा मोड़ के पास पहुंची ही थी। कि तभी बेला की ओर से गलत दिशा के रास्ते आ रहे डंपर की एक वाहन को ओवरटेक करने के बाद सामने से आ रही बस से जोरदार भिड़ंत हाे गई। टक्कर होते ही स्लीपर बस में सवार यात्रियाें में चीख पुकार मच गई।
आसपास मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे। उन्होंने बस में मौजूद सवारियों को बाहर निकाला। बच्चों समेत पांच सवारियों को चोटें आईं। हादसे में रसूलाबाद के बिसधन निवासी शहाबुद्दीन (60), भवनपुर निवासी मुस्तकीम, उनकी पत्नी सितारा व दो वर्षीय बेटी अनाया को चोटें आईं। बस के चालक अफरान व एटा के सिकंद्राराऊ निवासी डंपर चालक शिवकुमार को भी हल्की चोटें आईं।
उधर प्राइवेट बस चालक इटावा निवासी अफरान ने डंपर चालक के खिलाफ बेला पुलिस को तहरीर दी है। मौके पर पहुंचे बेला थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने सवारियों के उपचार कराने के बाद घर भिजवाने की व्यवस्था की। थानाध्यक्ष पंकज मिश्र ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक भी हिरासत में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
-
डंपर और कार की टक्कर
औरैया। दिबियापुर क्षेत्र के गांव असेनी के पास सोमवार की सुबह कोहरा होने से डंपर और कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। हो गई। कार सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहां से निकल रहे लोगों ने दुर्घटना होते देख थाना पुलिस को सूचना दी और कार में सवार युवक को निकालकर पुलिस की मदद से एंबुलेंस से सीएचसी दिबियापुर में भिजवाया। जहां डॉक्टर ने उसका उपचार किया। (संवाद)